रविवार, 23 फ़रवरी 2020

यादें रेडियो की.....

यादें रेडियो की.....

मेरा पहला रेडियो नाटक

          बात सन् 1980-83 के आसपास की है। मैं उस समय शिवपुरी में था। यहाँ बहुत ही अच्छा साहित्यिक माहौल था। श्रद्धेय श्री रामकुमार चतुर्वेदी "चंचल",  डा. परशुराम शुक्ल "विरही" एवं श्री विद्यानंदन राजीव जी जैसे मूर्धन्य कवियों के बीच यहाँ का कवितामय परिवेश अपने चरम पर था। आये दिन कवि-गोष्ठियां और सम्मेलन होते रहते थे। इसी समय मेरा पहला कविता-संकलन "आईना चटक गया" वर्ष 1983  प्रकाशित हुआ।

       इस चर्चा को मैं बाद में विस्तार से आगे बढ़ाऊंगा। पहले यहाँ पर मैं अपने आकाशवाणी नाटक लेखन की चर्चा करूँगा।

      मैं छोटे बच्चों के नाटक लिखता था। मैंने रेडियो के लिए भी एक-दो पांडुलिपि लिखीं। कभी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तो कभी सरकारी काम से भोपाल आना-जाना लगा रहता था।

     अतः अपनी पांडुलिपि लेकर आकाशवाणी के भोपाल केन्द्र पहुंचा। उस समय वहाँ सुश्री मीनाक्षी मिश्रा जी नाटक विभाग में कार्यक्रम अधिकारी थीं। मैं उनसे मिला और अपना परिचय देकर अपनी पांडुलिपि उन्हें दिखाई।

    उन्होंने सरसरी दृष्टि पांडुलिपि पर डाली और प्रसन्नता से बोली, मुझे तुम्हारा प्रयास अच्छा लगा। फिर उन्होंने मुझे लगभग आधा घंटे रेडियो नाटक की बारीकियों के बारे में समझाया। साथ ही ये भी कहा, कि पता नहीं मेरे समझाने के बाद भी कोई मेहनत क्यों नहीं करता...।

  मैं उनकी बातों से बहुत प्रभावित हुआ, और उनसे कहकर आया, कि मुझसे आपको निराश नहीं होना पड़ेगा। उनके कहे शब्द अभी भी मेरे कान में कभी-कभी गूंजते हैं।

     और मैंने अपना पहला रेडियो नाटक "भटकने से पहले" लिखा। उस समय मैं ग्वालियर आ गया था, और संयोग से ग्वालियर आकाशवाणी केंद्र पर नाटक विभाग शुरू हो गया था। अतः पांडुलिपि भोपाल की जगह ग्वालियर ही भेजनी पड़ी।

       मेरी पांडुलिपि स्वीकृति हुई और दिनांक 20 जनवरी, 1985 को नाटक का प्रसारण भी हो गया। उस समय वहाँ कार्यक्रम अधिकारी थे श्री लक्ष्मण मंडरवाल जी। इस नाटक के लिए मुझे रुपये 250.00 फीस के रूप में मिले थे।

     संयोग कहें या परिस्थिति, मैं अपने पहले नाटक को सुन नहीं सका। बाद में भी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका।

     फिर मैंने उसी पांडुलिपि को विस्तृत विवरण और अनुबंध की प्रति सहित आकाशवाणी के छतरपुर केंद्र भेजा। वहाँ से मेरी पांडुलिपि स्वीकृत हुई और आकाशवाणी छतरपुर द्वारा वहाँ अपने कलाकारों से वह नाटक तैयार कर दिनांक 21 सितंबर, 1986 को प्रसारित किया गया। प्रस्तुतकर्ता थे श्री अरुण दुबे जी। उस समय श्री इलाशंकर गुहा जी वहाँ कार्यक्रम अधिकारी थे। इस नाटक के पुनः प्रसारण की फीस के रूप में मुझे रुपये 62.50 प्राप्त हुए थे।

     इस प्रकार में आकाशवाणी छतरपुर से प्रसारित अपने  पहले नाटक को ग्वालियर में सुन सका और रिकॉर्ड भी किया। जो कि 35 वर्ष बाद मैंने अभी यूट्यूब पर साझा किया है।

शनिवार, 22 फ़रवरी 2020

चेतना सांस्कृतिक संस्था : ‘‘नवपल्लव’’ NAVPALLAV (06APR1991)



अपने संग्रह से .........

आकाशवाणी के खण्डवा केन्द्र से ‘‘नवपल्लव’’ कार्यक्रम के तहत प्रसारित नर्मदानगर, पुनासा की ‘‘चेतना सांस्कृतिक संस्था’’ का मिला-जुला कार्यक्रम

           नौकरी में जगह-जगह स्थानांतरण होने के कारण कई साहित्यकारों एवं कलाकारों से मुलाकात होती रहती थी। वर्ष 1989 में नर्मदा सागर परियोजना के संभाग में नर्मदानगर स्थानांतर हुआ। परियोजना स्थल पर कई विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों से मुलाकात होती रहती थी।

            तभी भारतीय स्टेट बैंक में कार्यरत श्री गिरीश शाह जी से मुलाकात हुई। विदित हुआ कि यहाँ पर वे और उनके कुछ साथी ‘‘चेतना सांस्कृतिक संस्था’’ चलाते हैं। उनके सभी कलाकारों से भेंट हुई और उनकी प्रतिभा से प्रभावित होकर मैंने एक कार्यक्रम की स्क्रिप्ट तैयार कराई। स्क्रिप्ट आकाशवाणी केन्द्र खण्डवा भेजी गई। और आकाशवाणी की टीम ने नर्मदानगर आकर ये कार्यक्रम रिकार्ड किया।

           इस मिलेजुले कार्यक्रम में परिचर्चा, गजल, निमाड़ी लोकगीत एवं कविगोष्ठी सब कुछ है। कार्यक्रम का संचालन श्री गिरीश शाह ने किया था और कविगोष्ठी का संचालन मैंने।

            इस कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी के खण्डवा केन्द्र द्वारा दिनांक 6 अप्रैल, 1991 को किया गया। अपने संग्रह से इस कार्यक्रम की रिकार्डिंग आपके समक्ष प्रस्तुत है।

-दुर्गेश गुप्त ‘राज’

शुक्रवार, 21 फ़रवरी 2020

अपने संग्रह से ......... अपनी बात।

अपने संग्रह से ......... अपनी बात


           मैंने अपने 42 वर्ष में लिखे साहित्य को एक जगह संकलित करने के उद्देश्य से अपना एक ब्लाॅग शुरू किया है। इस ब्लाॅग में अपने जीवनकाल में लिखे, प्रकाशित एवं प्रसारित साहित्य को संकलित करने का कार्य शुरू कर दिया है। 

          इसमें सबसे पहले मैंने अपने संग्रह से आकाशवाणी के विभिन्न केन्द्रों द्वारा प्रसारित कहानी, कविता, नाटक एवं झलकियों की रिकार्डिंग को यूट्यूब, ब्लाॅग एवं सोशल मीडिया पर साझा कर रहा हूँ। आकाशवाणी से प्रसारित नाटकों एवं झलकियों को साझा करने का कार्य तो लगभग पूर्ण हो चला है। अब प्रसारित कविता, कहानी एवं गोष्ठियों की रिकार्डिंग को साझा करने की प्रक्रिया निरंतर है।

          पहले आकाशवाणी से प्रसारित कार्यक्रमों को कैसेट में रिकार्ड करना पड़ता था। मैं बहुत ही खुशकिस्मत हूँ कि कैसेट में मेरी रिकार्डिंग लगभग 40 वर्ष बाद भी सुरक्षित है। हाँ कुछ रिकार्डिंग अवश्य मिट गईं है, जैसे मेरा पहला काव्यपाठ जो कि आकाशवाणी ग्वालियर केन्द्र से युववाणी कार्यक्रम के तहत 27 नवंबर, 1980 को प्रसारित हुआ था, मिट गया है। लेकिन बहुत कुछ सुरक्षित है। जो सुरक्षित है उसे टेप-रिकार्डर से कम्प्यूटर से अंतरित कर फिर यूट्यूब के लिये वीडियो बनाने का कार्य कर रहा हूँ।

         मेरा प्रयास है कि जहाँ तक संभव हो सभी तरह का प्रसारित एवं प्रकाशित साहित्य यूट्यूब एवं ब्लाॅग में संरक्षित कर सकूँ। ये मीडिया के ऐसे स्त्रोत हैं, जहाँ पर जब तक मीडिया रहेगा, साहित्य भी संरक्षित रहेगा।

      इसी प्रकार मेरे द्वारा हिन्दी एवं भारतीय भाषाओं के प्रतिष्ठापन के लिये ‘‘अनुरोध’’ पत्रिका एवं ‘‘अनुरोध’’ वेबसाइट के माध्यम जो भी प्रयास किये गये थे, उन्हें भी इसी प्रकार संरक्षित करूँगा। मैंने हिन्दी एवं भारतीय भाषाओं के प्रतिष्ठापन के प्रयास का कार्य वर्ष 1989-90 से प्रारंभ किया था। इस कार्य के लिये मैंने कई राष्ट्रीय-स्तर के कार्यक्रम भी आयोजित किये थे। उन कार्यक्रमों के फोटो एवं रिकार्डिंग भी मेरे पास सुरक्षित है। उन्हें भी कम्प्यूटर में संरक्षित करने का कार्य प्रारंभ करूँगा।

        इस अभियान के दौरान मेरे पास प्रसिद्ध साहित्यकार डाॅ. शिवमंगल सिंह ‘सुमन’ जी, श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी और देश एवं विदेश के भाषाप्रेमियों के कई महत्वपूर्ण पत्र संग्रहित हैं, उन्हें में भी स्केन कर मीडिया पर साझा करूँगा।

        आप सबसे भी अनुरोध है कि आप ईश्वर से विनती करें कि मैं इस कार्य को सफलता-पूर्वक पूर्ण कर सकूँ।

         यहाँ एक बात का उल्लेख और करना चाहूँगा, और वह यह कि जब मैंने आकाशवाणी से प्रसारित कहानी, कविता, नाटक एवं झलकियों को यूट्यूब एवं सोशल मीडिया पर साझा करने की सूचना महानिदेशक आकाशवाणी, नई दिल्ली को दी, तो उनके द्वारा भी मेरे इस प्रयास की प्रसन्नता अपने ईमेल द्वारा की गई है।

निवेदक,
दुर्गेश गुप्त ‘‘राज’’
कुछ लिंक:

यूट्यूब     कहानियां    कविताएं     पत्रिका  

  साहित्यकुंज


गुरुवार, 20 फ़रवरी 2020

मेरा पहला आकाशवाणी नाटक : ‘भटकने से पहले’ लेखक : दुर्गेश गुप्त ‘राज’ BHATAKANE SE ...




मेरे संग्रह से.....

मेरा पहला आकाशवाणी नाटक 
‘‘भटकने से पहले’’

यह नाटक एक ऐसे नवयुवक की कहानी है जो विवाह के समय लड़की के चयन को लेकर भटक जाता है। उसे कोई लड़की पसंद ही नहीं आती। फिर उसका दोस्त उसे समझाता है, कि क्यों उसे कोई लड़की पसंद नहीं आ रही। दोस्त के समझाये जाने के पश्चात वह विवाह के लिये तैयार हो जाता है।

विवाह के बाद घटनाक्रम के चलते इस नाटक में दहेज जैसी कुप्रथा का विषय भी गंभीरता से उठाया गया है। विवाह के बाद वह युवक कैसे अपने आप को स्थापित करता है, विस्तार से बताया गया है।

यह नाटक 35 वर्ष पूर्व दिनांक 20 जनवरी, 1985 को आकशवाणी के ग्वालियर केन्द्र से प्रसारित किया गया था।  प्रस्तुतकर्ता थे श्री लक्ष्मण मंडरवाल।

तदोपरांत इसका पुनः प्रसारण दिनांक 21 सितम्बर, 1986 को आकाशवाणी के छतरपुर केन्द्र से किया गया। प्रस्तुतकर्ता थे श्री अरूण दुबे।

यह मेरा पहला रेडिया नाटक था।

आकाशवाणी नाटक ‘परिवर्तन’ लेखक : दुर्गेश गुप्त ‘राज’ RADIO PLAY : PARIV...



मेरे संग्रह से.....

आकाशवाणी नाटक 
‘‘परिवर्तन’’


यह नाटक एक ऐसी माँ की कहानी है, जो पति की मृत्यु के उपरांत सिलाई कर अपने बेटे को पढ़ा-लिखा कर बड़ा अफसर बनाती है। उसकी पढ़ी-लिखी पत्नी भी पति से जिद्द कर नौकरी करने लगती है। पत्नी का आफिस में इस बात को लेकर मजाक उड़ाया जाता है कि बेटे-बहू के नौकरी के बाद भी मां को सिलाई का काम करना पड़ रहा है। पत्नी के कहने पर वह माँ से सिलाई का काम बंद करने को कहता है। इस बात को लेकर माँ-बेटे में बहस हो जाती है। इसी बहस के बीच कहानी आगे बढ़ती है और अंत में सुखद अंत के साथ नाटक समाप्त होता है।

यह नाटक दिनांक 20 अगस्त,2002 को आकाशवाणी के भोपाल केन्द्र से प्रसारित किया गया था।  प्रस्तुतकर्ता थे श्री अजीमुद्दीन।

आकाशवाणी लघुनाटिका: 'सौ रुपये का चक्कर' ले. : दुर्गेश गुप्त ‘‘राज’’ S...



मेरे संग्रह से.....

आकाशवाणी लघुनाटिका 
‘‘सौ रुपये का चक्कर’’

यह हास्य-झलकी एक कंजूस व्यक्ति के घर उसके दोस्त कैसे चाय-नाश्ता करके आते हैं, उस घटनाक्रम को चित्रित करती है।

इस झलकी का प्रसारण आकाशवाणी के इंदौर केन्द्र से दिनांक 8 जुलाई, 1990 को किया गया था।  प्रस्तुतकर्ता थे श्री रवि कुमार सोनी।

आकाशवाणी नाटक: धर्मसंकट RADIO PLAY : DHARAMSANKAT लेखक : दुर्गेश गुप्त...



मेरे संग्रह से.....

आकाशवाणी नाटक 
‘‘धर्मसंकट’’


यह नाटक एक ऐसे युवक की कहानी है, जिसका कुछ समय पहले ही विवाह हुआ होता है। वह आॅफिस में कार्य अधिक होने के कारण अपनी पत्नी को हनीमून पर घुमाने नहीं ले जा पाता। इससे उसकी पत्नी झगड़ा कर अपने मायके चली जाती है। वह परेशान रहने लगता है और अपने दोस्त को भी कभी विवाह न करने की सलाह देता है।

मायके में उसकी माँ अपनी बेटी का पक्ष लेती है और पिता उसे वापस अपने पति के पास लौटने हेतु समझाते हैं। बाद में घटनाक्रम के चलते दोनों फिर मिल जाते हैं। दोनों को समझ में आ जाता है कि पति-पत्नी को समय एवं परिस्थितियों के आधार पर निर्णय लेने चाहिए। अंत में वह अपने दोस्त से भी कहता है कि उसे भी विवाह कर लेना चाहिए, वह समझ चुका है कि पति-पत्नी में ये नोंक-झोंक तो चलती ही रहती है।

यह नाटक दिनांक 13 जून 1995 को आकाशवाणी के भोपाल केन्द्र से प्रसारित किया गया था।  प्रस्तुतकर्ता थे श्री शाकिर अली।